सौगंध खाकर बोले- हम ब्राह्मण चुनाव में सपा को करेंगे वोट
स्वतंत्रदेश , लखनऊ:अयोध्या में भगवान राम की विशाल मूर्ति, सड़क व एयरपोर्ट के लिए प्रशासन जमीन अधिग्रहण कर रही है। उधर, अधिग्रहण को लेकर किसान आंदोलित है। किसानों का आरोप है कि योगी सरकार उन्हें बाजार रेट से कम मुआवजा दे रही है। इसी सिलसिले में गुरुवार को अयोध्या के धरमपुर, कुटिया, गाजा जैसे करीब 20 गांवों के किसान प्रतिनिधियों ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मुलाकात की। किसानों ने उचित मुआवजे की लड़ाई में सपा का सहयोग मांगा।

इस मौके पर अखिलेश ने कहा कि ये सरकार किसानों की मदद के लिए नहीं है। हम सब खुशहाली चाहते हैं। हमने किसानों को सपा सरकार में उचित मुआवजा दिलाया। अयोध्या के किसान पूर्व राज्यमंत्री पवन पांडेय की अगुवाई में अखिलेश यादव के पास पहुंचे थे। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि इस बारे में वे सरकार के सामने बात रखेंगे।
जनेऊ की सौगंध खाकर कहा- हम ब्राह्मण करेंगे सपा का समर्थन
सपा अध्यक्ष से मिलने पंहुचे राम लौट तिवारी ने जनेऊ की सौगंध लेकर उन्हें आश्वस्त किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में उनके साथ सभी ब्राह्मण समुदाय उनकी पार्टी का समर्थन करेंगे। आरोप भी लगाया कि अयोध्या जिला प्रशासन ने सभी प्रभावित परिवारों को परेशान कर रखा है और उनसे जमीन सरकार को देने के लिए जोर जबरदस्ती की जा रही है। सपा मुखिया ने कहा कि सरकार को किसानों की जमीनों के बदलें 6 गुणा मुआवजा देना चाहिए।
2022 के चुनाव में हर सीट पर जाएंगे अखिलेश
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मल्हनी सीट से चुने गए लकी यादव को उनकी जीत पर बधाई दी और कहा कि 2022 के विधानसभा चुनाव में वे खुद सभी सीटों का दौरा करेंगे। सपा अपने विकास के एजेंडे से पीछे नहीं हटेगी।