राजनीति

शाम 5 बजे तक 34 लाख वोटों की गिनती

स्वतंत्रदेश ,लखनऊ:प्रदेश के 19 जिलों की 28 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव में 76% वोटों की गिनती पूरी हो गई है। 3 नवंबर को 28 सीटों पर 44.57 लाख वोट डाले गए थे। आज शाम 5 बजे तक 34.11 लाख वोटों की गिनती पूरी हो चुकी है। इन वोटों में से 50 % वोट भाजपा के खाते में गए हैं। इनकी संख्या 17.49 लाख हैं।

अब तक 9 सीटों के नतीजे आ गए हैं। इनमें 8 पर भाजपा और 1 पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की। भाजपा के 6 मंत्री अनूपपुर से बिसाहूलाल सिंह, बदनावर से राजवर्धन सिंह दत्तीगांव, बमोरी से महेंद्र सिंह सिसौदिया, सांची से प्रभुराम चौधरी, ग्वालियर से प्रद्यु्म्न सिंह तोमर और सुवासरा से हरदीप सिंह डंग जीत गए हैं। भांडेर से भाजपा की रक्षा संत राम सिरोनिया ने महज 136 वोट से कांग्रेस के फूलसिंह बरैया को हराया है। मांधाता से भाजपा के नारायण पटेल ने जीत दर्ज की है। इधर, कांग्रेस ने ब्यावरा में अपना खाता खोला। यहां से कांग्रेस के रामचंद्र दांगी ने भाजपा के नारायण सिंह पंवार को 12102 वोटों से हराया है।

चंबल की सुमावली सीट पर मंत्री एंदल सिंह कंषाना 19 हजार से अधिक वोटों से पीछे हैं। उनकी हार लगभग तय मानी जा रही है। डबरा में भी बड़ा उलटफेर होता नजर आ रहा है। यहां से भाजपा प्रत्याशी और मंत्री इमरती देवी 11वें राउंड में 615 वोट से कांग्रेस के सुरेश राजे से पीछे चल रहीं हैं। ग्वालियर पूर्व की बात करें तो यहां 14वें राउंड में भाजपा के मुन्ना लाल गोयल कांग्रेस के सतीश सिकरवार से 1548 वोटों से पिछड़ गए हैं।

भाजपा को मुरैना में झटका लगा है। ज्योतिरादित्य और केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के प्रभाव वाली मुरैना की 5 सीटों में 3 पर भाजपा पीछे चल रही है। यहां एक सीट पर बसपा भी मैदान मारती नजर आ रही है। बसपा प्रत्याशी रामप्रकाश राजौरिया मुरैना सीट से लीड लिए हैं। यहां चुनाव प्रचार के दौरान मुख्यमंत्री शिवराज ने नरेंद्र सिंह तोमर की मौजूदगी में एक रैली में कहा था कि आपके क्षेत्र के सांसद नरेंद्र सिंह तोमर हैं। वह नरेंद्र मोदी के बगल में बैठते हैं। इसलिए, यहां पर भाजपा प्रत्याशी का जीतना जरूरी है। उपुचनाव के दौरान नरेंद्र सिंह तोमर ने यहां पर 7 बार रैली की थी।

Related Articles

Back to top button