बदलेगा मौसम का मिजाज? बूंदाबांदी और हवा चलने के आसार
स्वतंत्रदेश ,लखनऊअगले दो दिन में मौसम में बदलाव दिख सकता है। तेज हवाओं के बीच दिन के तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। गुरुवार को लखनऊ में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को शहर और आसपास के इलाकों में हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। साथ ही, दिनभर तेज झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं।

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार, शुक्रवार और शनिवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। कौशांबी चित्रकूट, प्रयागराज, फतेहपुर, सोनभद्र, मीरजापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदासनगर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीर नगर, कुशीनगर, कानपुर नगर, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अंबेडकरनगर, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर इलाकों में गरज के साथ वज्रपात की आशंका जताई गई है।