राजनीति

अन्नू टंडन को अखिलेश यादव ने बताया जमीनी नेता

स्वतंत्रदेश ,लखनऊ :उन्नाव से कांग्रेस की सांसद रहीं अन्नू टंडन ने सोमवार को समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस दौरान कांग्रेस में कारपोरेट कल्चर को लाने वाली अन्नू टंडन को जमीनी नेता बताया। अन्नू टंडन के साथ उन्नाव के उनके समर्थन भी समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए हैं।

लखनऊ में समाजवादी पार्टी के मुख्यालय में उन्नाव से कांग्रेस की पूर्व सांसद अन्नू टंडन समाजवादी पार्टी में शामिल हो गईं।

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस दौरान अन्नू टण्डन का पार्टी में स्वागत किया। लखनऊ में समाजवादी पार्टी के मुख्यालय में उन्नाव से कांग्रेस की पूर्व सांसद अन्नू टंडन समाजवादी पार्टी में शामिल हो गईं। अखिलेश यादव ने कहा कि कांग्रेस पूर्व सांसद अनु टंडन के सपा में शामिल होने पर मैं उन्हेंं बहुत-बहुत धन्यवाद देता हूं और अभिनंदन करता हूं। इनके साथ बड़ी संख्या में आए साथी सहयोगियों का भी मैं स्वागत करता हूं। समाजवादी पार्टी का प्रदेश में कोई विकल्प नही है।

अन्नू टंडन ने कहा कि मेरे समाजवादी पार्टी में शामिल होने का कारण अखिलेश यादव खुद हैं। उन्होंने अपनी सरकार में जितना काम किया उससे ज्यादा करना संभव नहीं था। अखिलेश फिर से मुख्यमंत्री बनें यही मेरा मकसद है। कांग्रेस छोड़ने के बारे में उन्होंने कहा कि मैंने करीब 15 वर्ष कांग्रेस में गुजारे हैं और मुझे राहुल गांधी व सोनिया गांधी से भरपूर स्नेह मिला है। मैं 2019 के बाद से निराश थी जिसके बाद मैंने तय किया कि अब जनता के लिए काम करना है तो कांग्रेस छोड़ना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि यूपी में कांग्रेस का संगठन अभी इतना मजबूत नहीं है कि भाजपा का सामना कर सके। इस अवसर पर जब अन्नू टंडन से कांग्रेस के बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि अब वह समाजवादी पार्टी में हैं। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के बारे में उन्होंने कहा कि उनके साथ काम करने का अधिक मौका नहीं मिला। वह तो पार्टी में दो वर्ष पहले ही आई हैं, इसलिए उनके बारे में अधिक नहीं बता सकती हूं। समाजवादी पार्टी कार्यालय के बाहर अखिलेश यादव के साथ बड़ी संख्या में अन्नू टंडन के पोस्टर लगे थे।

सरकार के साथ 2022 में खत्म हो जाएगी कोरोना सहित सारी बीमारियां

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि वर्ष 2022 में भाजपा सरकार के साथ ही कोरोनावायरस सहित सारी बीमारियां खत्म हो जाएंगी। उन्होंने कहा कि यहां पर वायरस से लड़ने की कोई तैयारी नहीं है। दुनिया के उन देशों में जहां से यह बीमारी चली वहां दोबारा से लॉकडाउन किया जा रहा है। इस सरकार में दलितों, पिछड़ों और सवर्णों सभी को अपमानित किया जा रहा है। भाजपा सरकार में संविधान खतरे में है। इस सरकार को हटाना जरूरी है। हम समाजवादी पार्टी में अच्छे लोगों को जोड़ रहे हैं। जिससे भाजपा सरकार को हटाकर एक अच्छी सरकार बनाई जाए।

Related Articles

Back to top button