राजनीति

वाल्मीकि जयंती मनाएगी योगी सरकार

स्वतंत्रदेश:उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने राज्य के सभी जिलों में 31 अक्टूबर को महर्षि वाल्मीकि की जयंती भव्य रूप में मनाने का निर्णय लिया है। उपचुनाव वाले जिलों को छोड़कर प्रदेश भर में आयोजन के संबंध में बुधवार को मुख्य सचिव आरके तिवारी ने दिशा निर्देश जारी कर दिए।

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने राज्य के सभी जिलों में 31 अक्टूबर को महर्षि वाल्मीकि की जयंती भव्य रूप में मनाने का निर्णय लिया है।

मुख्य सचिव ने बताया कि महर्षि वाल्मीकि विश्व के आदि कवि हैं, जिन्होंने विश्व प्रसिद्ध कालजयी कृति रामायण महाकाव्य की रचना श्रीराम के जीवनकाल में की। महर्षि वाल्मीकि द्वारा रचित रामायण सामाजिक मूल्यों, मानव मूल्यों एवं राष्ट्र मूल्यों की स्थापना का आदर्श है। महर्षि वाल्मीकि द्वारा वर्णित स्थल जिन्हें राम-जानकी मार्ग, राम वन-गमन मार्ग आदि के रूप में जाना जाता है, सम्पूर्ण भारत वर्ष में लगभग 280 स्थलों के रूप में आज भी विद्यमान हैं। उत्तर प्रदेश में राम-जानकी मार्ग तथा राम वन-गमन मार्ग के अन्तर्गत अनेक स्थल विद्यमान हैं, जहां भारतीय संस्कृति के मूल तत्व एवं मान्यतायें सुरक्षित हैं।

मुख्य सचिव आरके तिवारी ने बताया कि वाल्मीकि रामायण में निहित मानव मूल्यों, सामाजिक मूल्यों व राष्ट्र मूल्यों के व्यापक प्रचार-प्रसार व जनमानस को इससे जोड़ने के लिये महर्षि वाल्मीकि से सम्बन्धित स्थलों, मन्दिरों आदि पर दीप प्रज्ज्वलन, दीप दान के साथ-साथ अनवरत 8, 12 अथवा 24 घंटे का वाल्मीकि रामायण का पाठ किए जाने का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। श्री राम, हनुमान और रामायण से संबंधित अन्य महत्वपूर्ण स्थलों, मंदिरों का चयन करते हुए वहां सुरुचिपूर्ण आयोजन के साथ रामायण पाठ/भजन आदि के कार्यक्रम कराए जाएंगे।

मुख्य सचिव आरके तिवारी ने बताया कि प्रदेश के सभी जिलाधिकारी जिला स्तरीय विभिन्न विभागों के समन्वय के माध्यम से संबंधित अधिकारियों को निर्देशित कर इस कार्यक्रम को भव्यता के साथ कराएंगे। प्रत्येक जिले के जिलाधिकारी उक्त आयोजन के लिए अपने जिले में एक नोडल अधिकारी नामित करेंगे, जिनका नाम, मोबाइल नम्बर एवं ई-मेल आईडी संस्कृति विभाग के नामित नोडल अधिकारी के ई-मेल आईडी पर प्रेषित किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि प्रदेश स्तर पर इस कार्यक्रम को सफलतापूर्वक कराने और सभी प्रकार के समन्वय के लिए संस्कृति विभाग के संयुक्त निदेशक डाॅ. योगेन्द्र प्रताप सिंह को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।

Related Articles

Back to top button