एसिड अटैक में घायल हुए ग्रामीण की मौत
स्वतंत्रदेश ,लखनऊ : थाना मितौली क्षेत्र में चार दिन पहले एक ग्रामीण पर सोते समय कुछ लोगों ने तेजाब डाल दिया था। इसमें गंभीर रूप से घायल हुए उक्त ग्रामीण की रविवार देर रात लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई। दूसरी तरफ पुलिस ने घटना के तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

ये थी घटना
घटना थाना मितौली क्षेत्र के ग्राम पकरिया में बीती 16 अक्टूबर की रात हुई थी। यहां के निवासी 55 वर्षीय गजराज गांव के पास ही अपनी पालेसर पर सो रहे थे। साथ में उनकी पत्नी भी थी। तभी देर रात किन्हीं अज्ञात व्यक्तियों ने उनके ऊपर तेजाब डाल दिया था। इसमें गजराज गंभीर रूप से घायल हुए थे और उनकी पत्नी को भी हल्की चोटें आई थीं। गजराज को गंभीर हालत में लखनऊ रेफर किया गया था, जहां उनका सिविल हॉस्पिटल में इलाज चल रहा था। रविवार देर रात इलाज के दौरान गजराज की मौत हो गई।
पुलिस ने घटना में शामिल तीनों अभियुक्तों अश्वनी वर्मा, मोनू उर्फ मुनेश और आशाराम को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। एसपी विजय ढुल ने बताया कि घटना के बाद बीती 17 अक्टूबर को पुलिस ने एफआइआर दर्ज की थी। सीओ मितौली के नेतृत्व में घटना के राजफाश के लिए तीन टीमें लगाई गई थीं। जिसमें पुलिस ने सोमवार को प्रकाश में आए तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। एसपी ने बताया कि घटना में शामिल अभियुक्त अश्वनी और मृतक गजराज के बीच जमीन खरीदने बेचने और पैसे के लेनदेन का विवाद था। वहीं अभियुक्त मुनेश की भाभी से मृतक ने कुछ जमीन खरीदी थी, जिस पर मुनेश को एतराज था।