उत्तर प्रदेशराज्य

प्रभु राम के राजशाही वस्त्र, रावण की पोशाक

स्वतंत्रदेश,लखनऊ: अयोध्या में आज से 9 दिनों तक चलने वाली रामलीला की शुरुआत होगी। इसके लिए सरयू किनारे स्थित लक्ष्मण किला मंदिर में मंच (सेट) सजाया गया है। इस रामलीला के पात्र जाने-माने फिल्मी कलाकर होंगे। राम और सीता की भूमिका में सोनू डागर और कविता जोशी तो रावण का किरदार शहबाज खान निभाएंगे।

अयोध्या में लक्ष्मण किला मंदिर में सज गया भव्य फिल्मी राम लीला का मंच

भोजपुरी कलाकार और सांसद मनोज तिवारी अंगद और गोरखपुर से सांसद रवि किशन भरत की भूमिका में दिखेंगे। शाम साढ़े छह बजे प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री नीलकंठ तिवारी वैदिक मंत्रोच्चार के बीच रामलीला का शुभारंभ करेंगे। मुख्यमंत्री योगी भी रामलीला देखने के लिए पहुंचेंगे। पहली बार इसका प्रसारण दूरदर्शन व डीडी भारती चैनल पर होगा।

मायानगरी मुंबई से आया 85 कलाकारों का दल
दिल्ली व मुंबई से करीब 85 कलाकारों का दल अयोध्या पहुंच गया है। रामलीला को राम कथा के मूल स्थलों से जोड़ने के प्रयास भी किए गए हैं। राम लीला कमेटी के अध्यक्ष सुभाष मलिक (बॉबी) ने बताया कि प्रभु श्रीराम का पात्र निभाने वाले कलाकार के लिए प्रभु राम की ससुराल जनकपुर नेपाल से राजशाही वस्त्र बनकर आए हैं। साथ ही माता सीता के गहने उनके ससुराल अयोध्या में तैयार हुए हैं।

भगवान श्री राम जी का धनुष कुरुक्षेत्र से आया है और रावण की कई पोशाकों में से एक पोशाक श्रीलंका से बनकर आई है। इसके अलावा 14 उन प्रमुख स्थलों से मिट्टी लाई गई है, जहां से होकर प्रभु राम लंका गए थे। इस मिट्टी से प्रभु राम की प्रतिमा भी जानेमाने मूर्तिकार से तैयार करवाई गई है। राम लीला की समाप्ति पर इस प्रतिमा को सरयू नदी में विसर्जित कर दिया जाएगा।

दर्शकों को अनुमति नहीं

बताया गया कि कोविड संकट के चलते अयोध्या की रामलीला के मंचन में दर्शकों को आने की अनुमति बिल्कुल नहीं है। रामलीला को सिर्फ सैटलाइट चैनल्स, यूट्यूब चैनल और अन्य सोशल मीडिया चैनल्स पर ही 17 से 25 अक्टूबर तक शाम 7 बजे से 10 बजे तक दिखाई जाएगी।

Related Articles

Back to top button