ढाबे पर युवक को मारी गोली
स्वतंत्रदेश,लखनऊ :बख्शी का तालाब क्षेत्र में सीतापुर रोड के किनारे स्थित एक ढाबे पर दबंगों ने एक युवक को गोली मार दी। क्षेत्र में दहशत फैलाने के लिए बदमाशों ने युवक को गोली मारने के बाद कई हथगोले भी फेंके धमाकों की दहशत से वहां काम कर रहे कर्मचारी जान बचाकर इधर उधर छिप गये। घटना के बाद हमलावर मौके से भाग निकले।

घटना की सूचना पर बीकेटी के सीओ ह्यदेश कठेरिया पुलिस फोर्स के साथ मौके पहुंचे। पुलिस घटना की जांच कर रही है। घटना दिन में दो बजे के आसपास की है। बीकेटी के थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह ने बताया जांच में पता चला है राजापुर इंदौराबाग निवासी सुधाकर सिंह सीतापुर रोड ग्राम दिगोई के निकट मनोज सिंह के ढाबे पर घटना से कुछ देर पहले आये थे। तीन चार लोगों से बैठकर बात कर रहे थे।
ढाबे के कर्मचारियों ने बताया इसी दौरान एक काली और एक सफेद कार से सात आठ लोग उतरे और उसी में से किसी ने सुधाकर पर फायर कर दिया। दहशत फैलाने के लिए कुछ लोगों ने हथगोले फेंके और फरार हो गये। कर्मचारियों के मुताबिक हमलावर मुंह बांंधे हुए थे। ढाबा मालिक मनोज सिंह की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को ट्रामा सेंटर भेज दिया है। बीकेटी के थाना प्रभारी ने बताया अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। गोली मारने वालों का पता किया जा रहा है।