उत्तर प्रदेशराज्य

बोलरो बेकाबू होकर पुल से टकराई, पांच लोगों की मौत

स्वतंत्रदेश,लखनऊ: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में सोमवार आधी रात बाइक और स्कूटी के बीच टक्कर हो गई। इस बीच, पीछे से आ रही बोलेरो अनियंत्रित होकर पुल से जा टकराई। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। जबकि एक शख्स गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। हादसा लार-सलेमपुर मार्ग पर हुआ। मरने वालों में तीन की पहचान हो गई है। दो की पहचान के लिए पुलिस प्रयास कर रही है। शवों का आज पोस्टमार्टम किया जाएगा।

देवरिया में हादसे के बाद बोलेरो के परखच्चे उड़े।

लार थाना क्षेत्र में हुई घटना

घटना लार थाना क्षेत्र में लार-सलेमापुर मार्ग पर सहजोल मझवलिया के पास हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सोमवार रात करीब 11.45 बजे सलेमपुर की तरफ से आ रही एक बाइक और स्कूटी के बीच पहले टक्कर हुई। इसी बीच पीछे से आ रही बोलेरो बेकाबू होकर पुल से टकरा गई। दुर्घटना में पांच लोगों की मौत हो गई। चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस को सूचना दी गई।

तीन की हुई पहचान

लार थाने के एसओ टीजे सिंह ने बताया कि मौके पर 6 लोग अचेतावस्था में पड़े थे। सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल एक शख्स को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। मरने वालों की पहचान लार थाना क्षेत्र के रावत पार अमेठिया निवासी राजन सिंह, गोरखपुर के सहजनवा निवासी प्रिंस तिवारी, कपरौली निवासी प्रमोद यादव के रूप में हुई है।

Related Articles

Back to top button