उत्तर प्रदेशराज्य

लड़कों से ‘गलती’ हुई तो चलेगा बुलडोजर

स्वतंत्रदेश , लखनऊ:नोएडा की ग्रैंड ओमैक्स सोसाइटी प्रकरण के आरोपी कथित भाजपा कार्यकर्ता श्रीकांत त्यागी के अवैध निर्माण पर हथौड़ा चल रहा है। सोसाइटी की एक महिला के साथ अभद्रता करने के आरोपी श्रीकांत त्यागी के घर पर ‘अब’ हो रही कार्रवाई पर कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि क्या भाजपा को आज तक यह पता नहीं था कि उसके नेता अवैध निर्माण करा रहे हैं। उन्होंने उन ताकतों का पता लगाने की बात भी कही जो आज तक इस तरह के अपराधी लोगों को बचाने का काम कर रही थीं। उन्होंने प्रदेश सरकार पर इन प्रश्नों के जवाब से भागने का आरोप लगाया। प्रियंका गांधी हाथरस कांड की पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए भी लड़ती हुई दिखाई पड़ी थीं। आज उन्होंने नोएडा प्रकरण को मजबूती से उठाया है।

सीएम योगी का कठोर संदेश- लड़कों से ‘गलती’ हुई तो चलेगा बुलडोजर

वहीं, भाजपा ने कहा है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रीकांत त्यागी पर कठोर कार्रवाई कर यह स्पष्ट संदेश दे दिया है कि प्रदेश में गलती करने पर किसी को बख्शा नहीं जाएगा। पार्टी कार्यकर्ता होने पर भी उनके ऊपर भी उसी तरह कार्रवाई की जाएगी जिस तरह किसी अन्य अपराधी पर की जाती है। उनके घरों पर भी उसी तरह बुलडोजर चल सकता है जिस तरह किसी अन्य अपराधी के घरों पर बुलडोजर चलता है। यह कार्रवाई भाजपा की भ्रष्टाचार और अपराध पर ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति को दिखाती है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यालय, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, सांसद महेश शर्मा और लखनऊ पुलिस के सक्रिय होने से माना जा रहा है कि श्रीकांत त्यागी की जल्द गिरफ्तारी कर लोगों की नाराजगी को शांत करने की कोशिश की जाएगी।

उत्तर प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता संजय चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सत्ता में आने के पहले दिन से ही अपनी प्राथमिकता स्पष्ट कर दी थी। उन्होंने अपराधियों और भ्रष्टाचारियों पर कठोर कार्रवाई की। सरकार की इसी नीति का परिणाम रहा कि प्रदेश में कोई बड़ी आपराधिक घटना नहीं घटने पाई और अपराधी अपनी जान बचाकर भागते हुए नजर आए। उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई के जरिए सरकार ने यह स्पष्ट कर दिया है कि अपराध करने वाला कोई भी व्यक्ति बच नहीं पाएगा और प्रदेश में सभी को कानून का सम्मान करना पड़ेगा।

Related Articles

Back to top button