मुख्यमंत्री योगी का बाल प्रेम
स्वतंत्रदेश,लखनऊ:मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मथुरा में अपने दो दिवसीय प्रवास के दूसरे दिन मंगलवार की सुबह श्रीकृष्ण जन्मस्थान पहुंचे। उन्होंने यहां सबसे पहले केशवदेव मंदिर में ठाकुरजी के दर्शन किए। इसके बाद गर्भगृह और योगमाया मंदिर में दर्शन किए। यहां से जन्मस्थान के भागवत भवन में पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री ने विधि-विधान से भगवान श्रीराधाकृष्ण की पूजा-अर्चना की।श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का बाल प्रेम देखने को मिला। यहां दर्शन करने आए बच्चों को देखते ही उनके पांव ठिठक गए। उन्होंने बच्चों को दुलारा और उनके सिर पर हाथ रखकर आशीर्वाद दिया।

श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर दर्शन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोकुल स्थित रसखान समाधि स्थल पहुंचे। उन्होंने रसखान समाधि स्थल, ताज बीबी सहित पूरे परिसर का भ्रमण कर यहां कराए गए कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने तीर्थ विकास परिषद के विकास कार्यों की सराहना की। श्रीकृष्ण जन्मस्थान के बाद मुख्यमंत्री राधारानी के गांव बरसाना पहुंचे। उन्होंने लाडली जी मंदिर में राधारानी के दर्शन किए। इसके बाद वह संत विनोद बाबा से मुलाकात करने उनके आश्रम पहुंचे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर बरसाना में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही।