उत्तर प्रदेशराज्य

बेटे के लिए बाप कर रहे प्रचार

स्वतंत्रदेश,लखनऊ:समाजवादी पार्टी के (सपा) संरक्षक एवं पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव ने इस विधानसभा चुनाव में पहली बार अपने बेटे अखिलेश यादव के लिए चुनावी प्रचार किया। उन्होंने करहल में गुरुवार को जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि यहां लोग उम्मीद के साथ आए हैं, ये उम्मीद सपा की सरकार पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि भीड़ देखकर मेरी जिम्मेदारी बढ़ गई है। मैं विश्वास दिलाता हूं, आपको निराश नहीं करेंगे। मुलायम सिंह यादव ने अपील करते हुए कहा कि मेरी भावना का मान रखना और करहल से अखिलेश यादव को भारी मतों से जिताना। 

लोगों को अभिवादन स्वीकार करते मुलायम सिंह यादव
लोगों को अभिवादन स्वीकार करते मुलायम सिंह यादव

मुलायम सिंह ने कहा कि गरीबी और बेरोजगारी बढ़ी है। जनता परेशान है। गरीबी है, बेरोजगारी है। किसानों के सामने आय की समस्या है। उन्होंने कहा कि सपा की नीतियां स्पष्ट हैं। किसानों के लिए खाद और बीज का इंतजाम किया जाएगा। सिंचाई के साधन उपलब्ध कराए जाएंगे। पैदावार बढ़ेगी तो किसानों की हालत सुधरेगी। नौजवानों को नौकरी मिलेगी। उन्होंने कहा कि सपा की सरकार बनेगी तो नौजवानों के रोजगार का इंतजाम किया जाएगा। व्यापारियों को सुविधाएं दी जाएंगी। जिससे वो किसान की फसल खरीद सकेंगे। याद रखना देश को किसान, व्यापारी और नौजवानों ही मजबूत करेंगे। उन्होंने कहा कि यहां इतनी भीड़ देखकर साफ है कि जनता बदलाव चाहती है।

सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव कार से सभा स्थल पर पहुंचे। फिरोजाबाद में सभा को संबोधित करने के बाद अखिलेश यादव हेलीकॉप्टर से सभा स्थल पर पहुंचे। उन्होंने मंच पर मौजूद पिता मुलायम सिंह यादव के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। अखिलेश ने कहा कि नेताजी के आने से कार्यक्रम की शोभा बढ़ी है। ये नेताजी का क्षेत्र रहा है। यहां नेताजी ने कुश्ती लड़ी और लड़ाई भी। 

Related Articles

Back to top button