रकाबगंज चौराहे का नाम बदला
स्वतंत्रदेश,लखनऊ। रकाबगंज चौराहे का नाम अब इतिहासकार और पद्मश्री योगेश प्रवीन के नाम से जाना जाएगा। महापौर की अध्यक्षता वाली नगर निगम कार्यकारिणी समिति ने रकाबगंज चौराहे का नाम दिवंगत योगेश प्रवीन के नाम पर करने की घोषणा की थी। इसी क्रम में गुरुवार को रकाबगंज चौराहे का लोकार्पण कर दिया गया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री डा.दिनेश शर्मा, कानून एवं विधायी मंत्री ब्रजेश पाठक और महापौर संयुक्ता भाटिया भी मौजूद थीं।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने योगेश प्रवीन से अपने पुराने संबंधों का जिक्र करते हुए कहा कि लखनऊ से जुड़ी जानकारियां हर किसी तक पहुंचने में योगेश प्रवीन के योगदान को भूला नहीं जा सकता है। उन्हें लखनऊ का इतिहास कंठस्थ था। डा. शर्मा ने कहा कि योगेश प्रवीन की लिखित किताबों को पढऩे से आप लखनऊ के अतीत को जान सकते हैं। नई पीढ़ी के लिए उनकी किताबें ज्ञान बढ़ाने का काम करेंगी।