उत्तराखंड के मुख्यमंत्री दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे अयोध्या
स्वतंत्रदेश,लखनऊ: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार को दो दिवसीय दौरे पर रामनगरी अयोध्या पहुंचे। उत्तराखंड के 11 वें मुख्यमंत्री के पद की शपथ लेने के बाद धामी का यह अयोध्या का पहला दौरा है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अयोध्या के श्रीराम एयरपोर्ट पर पहुंचे। उनका नया घाट पर यात्री निवास सरयू होटल में कार्यकर्ताओं से भेंट करने का कार्यक्रम है।

उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी हनुमानगढ़ी से श्रीराम जन्मभूमि तक जाने वाली राम बरात में शामिल होंगे। इसके बाद श्रीरामलला व हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन करेंगे। शाम को उनका सरयू नदी के तट पर आरती करने का भी कार्यक्रम है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अयोध्या की यात्रा को लेकर कहा कि मैं कई बार अयोध्या जा चुका हूं। एक बार फिर अयोध्या जा रहा हूं। देश और प्रदेश की खुशहाली समृद्धि शांति के लिए भगवान श्रीराम से प्रार्थना करुंगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का राममंदिर के पक्ष में फैसला आने के बाद यह पहला दौरा है। उनके साथ आल इंडिया एंटी टेररिस्ट फ्रंट के अध्यक्ष एवं पूर्व कंद्रीय मंत्री मनिंदर सिंह बिट्टा भी पहुंच रहे हैं।