उत्तर प्रदेशराज्य

यूपी में लॉकडाउन खत्म

स्वतंत्रदेश,लखनऊ :मुख्यमंत्री योगी ने प्रदेश में कोविड की बेहतर होती स्थिति के दृष्टिगत रविवार की प्रदेशव्यापी साप्ताहिक बंदी की व्यवस्था को समाप्त करने के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अब से सभी शहरों/बाजारों/उद्योगों/कारखानों में, कोविड काल से पूर्व में प्रभावी रही साप्ताहिक बंदी की तिथि पर अवकाश लागू किया जाए। इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिया जाए। इसके अलावा उन्होंने अन्य दिशा निर्देेश भी जारी किए।

                                                    अब रविवार को भी खुलेंगे बाजार

■ कोविड पर नियंत्रण के लिए एग्रेसिव ट्रेसिंग, टेस्टिंग और ट्रीटमेंट के साथ-साथ तेज टीकाकरण की नीति को उत्तर प्रदेश ने बेहतर ढंग से क्रियान्वित किया है। प्रदेश में अब तक 07 करोड़ 01 लाख 69 हजार से अधिक कोविड सैम्पल की जांच की जा चुकी है, तो 06 करोड़ 24 लाख से अधिक वैक्सीन लगाई जा चुकी हैं। 05 करोड़ 26 लाख से अधिक प्रदेशवासियों ने कम से कम वैक्सीन की एक डोज प्राप्त कर ली है, जबकि टीके की दोनों डोज प्राप्त करने वालों की संख्या जल्द ही एक करोड़ के पार हो जाएगी। शनिवार का दिन, वैक्सीन की दूसरी डोज के लिए लोगों के लिए आरक्षित रखें।

ट्रेसिंग, टेस्टिंग और त्वरित ट्रीटमेंट के मंत्र से अच्छे परिणाम मिल रहे हैं। विगत 24 घंटे में हुई टेस्टिंग में 26 नए मरीजों की पुष्टि हुई। इसी अवधि में 23 मरीज स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हुए। प्रदेश में अब तक 16 लाख 85 हजार 877 प्रदेशवासी कोरोना संक्रमण से मुक्त होकर स्वस्थ हो चुके हैं। इस स्थिति को और बेहतर करने के लिए ट्रेस, टेस्ट और ट्रीट की नीति के अनुरूप सभी जरूरी प्रबंध किए जाएं।

■ कुछ जनपदों में डेंगू के मरीजों की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य, नगर विकास एवं ग्राम्य विकास विभाग द्वारा आवश्यकता के अनुरूप सभी जरूरी प्रबंध किए जाएं।

■ गोरखपुर व सिद्धार्थनगर सहित कुछ जनपदों में अब भी बाढ़/अतिवृष्टि की स्थिति से जनजीवन प्रभावित है। हर एक व्यक्ति की सुरक्षा, उनके भरण-पोषण की व्यवस्था की जाए।

ऑक्सीजन जेनेरेशन के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता के लिए तेजी से कार्य जारी है। अब तक प्रस्तावित 555 प्लांट में से 329 क्रियाशील हो चुके हैं। शेष निर्माणाधीन प्लांट के स्थापना की कार्रवाई तेजी से पूरी की जाए।

 

Related Articles

Back to top button