उत्तर प्रदेशराज्य

रायबरेली में भरभराकर गिरी पुलिया की शटरिंग

स्वतंत्रदेश,लखनऊ :करीब पौने तीन करोड़ की लागत से बन रही पुलिया की शटरिंग स्लैब डालने के दौरान ढह गई। इससे जेई और करीब छह मजदूर घायल हो गए। इनमें एक की हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद ठेकेदार मौके से फरार हो गया। इसे लेकर लोगों में नाराजगी रही। अधिशासी अभियंता डीके कुरील समेत अन्य अधिकारियों ने मौके का जायजा लिया।

रायबरेली में पुलिया की शटरिंग स्लैब डालने के दौरान ढह गई। इससे जेई और करीब छह मजदूर घायल हो गए।

थुलवासा से पहरेमऊ जाने वाले मार्ग पर नैया नाला पड़ता है। लोक निर्माण विभाग इस नाले पर 2.75 करोड़ की लागत से पुलिया बनवा रहा है। इसकी शटरिंग लग चुकी थी। मंगलवार को स्लैब डाली जा रही थी। छत ढलाई का लगभग आधा काम हो चुका था। इसी बीच अचानक शटरिंग भरभराकर गिर गई। काम कर रहे छह मजदूर मलवे के नीचे दब गए। उन्हें किसी तरह बाहर निकाला गया। इनमें सुलखियापुर के पंकज की हालत नाजुक होने पर सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। डलमऊ के मुशीदाबाद निवासी लल्लन व महराजगंज के अहलवार निवासी आकाश समेत अन्य श्रमिक मामूली रूप से जख्मी हुई थे। इसलिए प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। जेई आलोक चौधरी को भी चोटें आई हैं।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी व्याप्त है। उनका कहना है कि जिस वक्त हादसा हुआ, ठेकेदार वहीं पर मौजूदा था। शटरिंग के साथ ही स्लैब के गिरते ही वह मौके से भाग निकला। उधर, पीडब्ल्यूडी के अफसरों का कहना है कि शटरिंग के बीच से नील गाय निकली थी, जिससे वह कमजोर हो गई और हादसा हुआ।

Related Articles

Back to top button