रेलवे कर्मी ने पत्नी को मारी गोली
स्वतंत्रदेश,लखनऊ: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर सोमवार को जहां वैश्विक स्तर पर महिलाओं का सम्मान किया जा रहा है। वहीं, राजधानी लखनऊ में महिला के प्रति अपराध का ग्राफ नीचे नहीं आ रहा है। सोमवार सुबह राजाजीपुरम के जलालपुर मोहल्ले में रेलवे कर्मचारी अरिवंद मिश्रा ने अपनी पत्नी राखी मिश्रा (35) की गोली मार कर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपित को घटना स्थल के पास से गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से वारदात में प्रयुक्त बंदूक भी बरामद कर ली है।

गोली की आवाज सुनकर आए पड़ोसी
इंस्पेक्टर पारा के मुताबिक अरविंद मिश्रा रेलवे में बाबू है। 15 साल पहले अरविंद का विवाह शाहजहां पुर निवासी राखी के साथ हुआ था। राखी के तीन बच्चे हैं। सोमवार सुबह अरविंद और राखी नीचे के कमरे में थे। दोनों में विवाद हो गया। इस बीच अरविंद ने कमरे के दरवाजे अंदर से बंद कर दिए। दोनों में बीच झगड़ा हो रहा था। इसी बीच अरविंद ने बंदूक से राखी को गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर आस पड़ोस के लोग आ गए। इस बीच अरविंद कमरे का दरवाजा खोलकर बाहर निकला और भाग गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने कमरे से खून से लथपथ राखी का शव बरामद किया।
सूचना पर फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से बंदूक भी बरामद कर ली है। इंस्पेक्टर ने बताया कि दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था। झगड़े के दौरान अरविंद ने गोली मार कर पत्नी की हत्या कर दी। अरविंद को हिरासत में ले लिया गया है। राखी के परिवारीजनों को सूचना दे दी गई है। वह जो भी तहरीर देंगे उसके आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। अरविंद से पूछताछ की जा रही है।



