उत्तर प्रदेशराज्य

चौरी चौरा दिवस पर बनेगा अनोखा विश्व रिकॉर्ड

 स्वतंत्रदेश,लखनऊ :चौरी चौरा कांड शताब्दी वर्ष महोत्सव के तहत उत्तर प्रदेश की योगी सरकार वंदेमातरम् गायन का विश्व रिकॉर्ड बनाने की तैयारी में है। संस्कृति विभाग तीन से चार फरवरी तक सभी जिलों गायन की व्यवस्था कर रहा है। इस संबंध में प्रमुख सचिव मुकेश कुमार मेश्राम ने शिक्षा विभाग के साथ ही सभी मंडलायुक्त और जिलाधिकारियों के लिए आदेश जारी किया है। आदेश में कहा गया है कि चौरी-चौरा और स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों को नमन करते हुए सैल्यूट मुद्रा में वंदेमातरम् के पहले छंद का गायन कर वीडियो बनाना होगा।

चौरी चौरा कांड शताब्दी वर्ष महोत्सव के तहत उत्तर प्रदेश की योगी सरकार वंदेमातरम् गायन का विश्व रिकॉर्ड बनाने की तैयारी में है।

इसके लिए हर जिले में इंटरनेट सुविधायुक्त शैक्षिक संस्थान और अन्य उपयुक्त स्थलों का चयन करना होगा। हर केंद्र के लिए एक नोडल अधिकारी होगा। दो फरवरी को रिहर्सल किया जाएगा। फिर तीन फरवरी को सुबह दस से चार फरवरी दोपहर 12 बजे तक गायन कर वीडियो बनाने होंगे। वीडियो अपलोड करने के लिए तीन फरवरी को सुबह नौ बजे गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड द्वारा वेबसाइट और लिंक उपलब्ध कराया जाएगा। आदेश में कहा गया है कि एक वीडियो में एक ही व्यक्ति सैल्यूट की मुद्रा में नजर आना चाहिए। वीडियो न्यूनतम 20 सेकंड का होना चाहिए, जिसमें उच्चारण बिल्कुल स्पष्ट रहे।

शहीदों की स्मृति को नमन करते हुए दीप-प्रज्वलन : आजादी की लड़ाई के सुनहरे अध्याय ‘चौरीचौरा घटना’ के शताब्दी वर्ष की शुरुआत पर उत्तर प्रदेश में समवेत राष्ट्रगीत वंदेमातरम् गूंजेगा। गोरखपुर जिले स्थित चौरीचौरा स्मृति स्थल से लेकर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में स्वाधीनता संग्राम से जुड़े स्थान और 1947 से अब तक देश की रक्षा करते हुए शहादत देने वाले अमर शहीदों के स्मृति स्थल, हर कहीं वंदेमातरम् गायन होगा। यही नहीं, चार फरवरी की शाम पूरा प्रदेश सभी ज्ञात-अज्ञात शहीदों की स्मृति को नमन करते हुए दीप-प्रज्वलन भी करेगा।

Related Articles

Back to top button