उत्तर प्रदेशराजनीति

पीएम नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर सेवा सप्ताह मनाएगी भाजपा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 70वें जन्मदिन (17 सितंबर) पर भारतीय जनता पार्टी सेवा सप्ताह का आयोजन करेगी। उत्तर प्रदेश में सेवा सप्ताह के तहत विभिन्न कार्यक्रम 14 से 20 सितंबर तक आयोजित किए जाएंगे। दिव्यांगों की मदद के लिए शिविर आयोजित करने के अलावा कोविड-19 मरीजों को प्लाज्मा की व्यवस्था के लिए रक्तदान शिविरों का आयोजन भी किया जाएगा।

उत्तर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और महामंंत्री संगठन सुनील बंसल ने गुरुवार को प्रदेश पदाधिकारियों, क्षेत्रीय व जिला अध्यक्षों की वर्चुअल बैठक में सेवा सप्ताह की तैयारी पर चर्चा की। स्वतंत्र देव ने कहा कि कोरोना संक्रमण व लॉकडाउन काल में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा किए सेवा कार्यों ने राजनीति की धारा को बदल दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर सेवा सप्ताह के दौरान सुरक्षित शारीरिक दूरी बना कर कार्यक्रमों का आयोजन किया जाए। इस दौरान दिव्यांगों को उनकी जरूरत की सामग्री उपलब्ध कराने जैसे कार्यक्रम भी होंगे। वर्चुअल गोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा और स्वच्छता व वृक्षारोपण कार्यक्रम भी होंगे।

भाजपा की ई-बुक का विमोचन सात से : भारतीय जनता पार्टी द्वारा कोरोना काल में सेवा कार्यों की तैयार करायी गयी ई-बुक का विमोचन सात सितंबर से कराया जाएगा। प्रदेश सह मीडिया प्रभारी हिमांशु दुबे ने बताया कि मंडल, जिला व प्रदेश स्तर पर तैयार की गई सेवा कार्यों की ई-बुक का विमोचन किया जाएगा। 25 सितंबर से दो अक्टूबर तक चलने वाले पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती कार्यक्रमों में आत्मनिर्भर भारत अभियान के लिए आम जन को प्रोत्साहित किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button