उत्तर प्रदेशलखनऊ

कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू फिर गिरफ्तार

स्वतंत्रदेश,लखनऊ : ‘गाय बचाओ-किसान बचाओ’ पदयात्रा निकालने पर अड़े उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को आज दोपहर ललितपुर की पुलिस ने दैलवारा कस्बे से करीब डेढ़-दो सौ कार्यकर्ताओं के साथ गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। कांग्रेस नेताओं ने पुलिस पर बल प्रयोग करने का आरोप लगाते हुए कहा, ‘जिलाध्यक्ष सहित करीब दो दर्जन कार्यकर्ता चोटिल हुए हैं। सभी को पुलिस लाइन में रखा गया है।

ललितपुर में पदयात्रा के दौरान यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू फिर गिरफ्तार

जिले के अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) बृजेश कुमार सिंह ने बताया, “बिना अनुमति पदयात्रा निकालने पर अड़े प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू और जिलाध्यक्ष बलवंत सिंह राजपूत सहित 50-60 कांग्रेस कार्यकर्ताओं को दैलवारा कस्बे से आज (शनिवार) दोपहर करीब बारह बजे गिरफ्तार कर लिया गया है।
सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किये गये कांग्रेस के सभी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को पुलिस लाइन में रखा गया है।

ललितपुर जिला कांग्रेस अध्यक्ष बलवंत सिंह राजपूत ने फोन पर ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “प्रदेश अध्यक्ष की अगुआई में आज ‘गाय बचाओ-किसान बचाओ’ पदयात्रा के दौरान गौशाला जाते हुए डेढ़-दो सौ पार्टी कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बल प्रयोग कर दैलवारा कस्बे से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के बल प्रयोग करने पर करीब दो दर्जन कार्यकर्ता चोटिल हुए हैं।”

उन्होंने आरोप लगाया, “गाय के नाम पर सत्ता में आई भाजपा को न गाय की फ़िक्र है और न ही किसानों पर रहम है।”  राजपूत ने कहा, “सौजना और अमझरा की गौशालाओं में बंद गायें भूखों मर रही हैं और पक्षी जिंदा गायों को नोंच-नोंच खा रहे हैं।”

Related Articles

Back to top button