छुट्टा जानवरों की समस्या का होगा स्थायी समाधान
स्वतंत्रदेश,लखनऊ:उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने पर छुट्टा जानवरों की समस्या का स्थायी समाधान प्राथमिकता से करने की तैयारी है। सरकार और संगठन ने इस समस्या के समाधान के लिए छुट्टा गोवंश को ऊर्जा और प्राकृतिक खेती के साथ जोड़ने की योजना बनाई है।दरअसल, वर्ष 2017 में प्रदेश में भाजपा की सरकार बनते ही अवैध बूचड़खानों को बंद कराया गया था। इससे छुट्टा गोवंश की समस्या पैदा हो गई। विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान भी सरकार और संगठन के खिलाफ छुट्टा जानवर ही सबसे बड़ा मुद्दा था।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अपनी चुनावी सभाओं में इस समस्या को स्वीकार करते हुए इसे रोजगार से जोड़ने की बात कही। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी बीते शनिवार को भाजपा मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में कहा था कि आने वाले समय में गोवंश संरक्षण के कार्यक्रम को तेजी से आगे बढ़ाने की योजना है। इसे ऊर्जा और प्राकृतिक खेती के साथ जोड़ा जाएगा। हालांकि सरकार ने इस समस्या के समाधान के लिए हर जिले में गोआश्रय स्थल खोले।