उत्तर प्रदेशराज्य

बद्रीनाथ धाम के कपाट बंद

स्वतंत्रदेश , लखनऊ :बद्रीनाथ धाम के कपाट गुरुवार को शीतकाल के लिए बंद हो गए। इसके लिए कार्तिक शुक्ल पंचमी को दोपहर 3.35 अभिजीत शुभ मुहूर्त का चुनाव किया गया। कपाट बंद होने के अवसर पर करीब पांच हजार श्रद्धालु बद्री विशाल के दर्शन करने पहुंचे थे। कोरोना के चलते इस साल बद्रीनाथ धाम में करीब 1.45 लाख लोग ही दर्शन कर पाए। जबकि, पिछले साल यहां 12.40 लाख से ज्यादा भक्त पहुंचे थे।

कोरोना के चलते इस बार 1.45 लाख भक्तों ने किए दर्शन|

गुरुवार को सुबह 4.30 बजे मंदिर खुल गया था। भगवान को नित्य भोग लगाया गया। 12.30 बजे सायंकालीन आरती शुरू हुई। फिर मां लक्ष्मी पूजन कर दोपहर एक बजे शयन आरती की गई। इसके बाद रावल ईश्वरी प्रसाद नंबूदरी ने कपाट बंद की प्रक्रिया शुरू की। माणा गांव से महिला मंडल का बुना गया घी का कंबल भगवान बद्री विशाल को ओढ़ाया गया।

कोरोना के चलते इस बार कम पहुंचे श्रद्धालु

उत्तराखंड चारधाम देवस्थानम् बोर्ड के मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने बताया कि इस साल राज्य के चारधाम.. बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री में दर्शन के लिए करीब 3.25 लाख श्रद्धालु पहुंचे। सर्दी में यहां तापमान शून्य से नीचे पहुंच जाता है। बर्फबारी के चलते यहां तक पहुंचना भी मुश्किल होता है।

Related Articles

Back to top button