राजनीति

मायावती ने UP प्रदेश अध्यक्ष बदला

 स्वतंत्रदेश,लखनऊ :हाल ही में विधानसभा की सात सीटों पर हुए चुनाव में मिली करारी हार के बाद बहुजन समाज पार्टी (बसपा) अध्यक्ष मायावती ने रविवार को संगठन में बड़ा फेरबदल किया। उन्होंने मऊ जिले के रहने वाले आजमगढ़ मंडल के कोऑर्डिनेटर भीम राजभर को प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। इसे बसपा की राजभर वोट को अपने पाले में करने की कवायद मानी जा रही है। भीम राजभर, पूर्व राज्यसभा सांसद मुनकाद अली की जगह लेंगे।

बसपा प्रमुख मायावती ने संगठन में फेरबदल किया है।

दरअसल, यूपी के पूर्वांचल में मऊ, आजमगढ़, वाराणसी, आदि जिलों में राजभर जाति निर्णायक भूमिका में है। दलित अभी भी मायावती के साथ है, लेकिन अन्य जातियों में भाजपा ने सेंधमारी कर ली है।

वरिष्ठ पत्रकार कमल जयंत ने कहा कि, यह परिवर्तन यूपी में हुए उपचुनाव की हार पर की गई कार्यवाही मानी जा सकती है। क्योंकि बसपा उपचुनाव में चौथे नंबर पर रही।

इससे पहले बसपा प्रमुख ने बीते सिंतबर माह 2020 में यूपी प्रदेश अध्यक्ष से हटाए गए पूर्व सांसद मुनकाद अली को उत्तराखंड प्रभारी के पद मुक्त किया था। मुनकाद अली ने अलीगढ़ आगरा मंडल के सेक्टर से बदलकर अब पूर्वांचल के चार मंडलों की जिम्मेदारी अपने को मिलने का बात मानी है।

देवरिया में बसपा को झटका, अभयनाथ ने पार्टी छोड़ी

इसी बीच देवरिया में बसपा को झटका भी लगा है। यहां उप चुनाव में उम्मीदवार रहे अभयनाथ त्रिपाठी ने बसपा से त्यागपत्र दे दिया है और पार्टी के कई नेताओं पर गंभीर आरोप लगाए हैं। अभयनाथ त्रिपाठी ने कहा कि, उन्होंने पार्टी की गलत नीतियों के चलते इस्तीफा दिया है। उन्होंने पार्टी के कोआर्डिनेटरों पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया। कहा कि बसपा अपने मूल उद्देश्यों से भटक गई है। अब केवल परिवारवाद व निजी स्वार्थ पर काम कर रही है। जनता भविष्य में इसका जवाब देगी। उन्होंने कहा कि मैं जनता की सेवा करने के लिए राजनीति में आया हूं और आगे भी करता रहूंगा।

Related Articles

Back to top button