उत्तर प्रदेशराज्य

बलिया में अफसरों के सामने मर्डर

उत्तर प्रदेश में बलिया जिले के दुर्जनपुर में गुरुवार को अफसरों के सामने ग्रामीण की हत्या का आरोपी धीरेंद्र सिंह की पुलिस को तीसरे दिन भी तलाश है। अब पुलिस ने आरोपी पर 50 हजार का इनाम घोषित किया है। इसके साथ आजमगढ़ रेंज के डीआईजी सुभाष चंद दुबे ने 6 नामजद फरार आरोपियों पर भी 50 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। सभी आरोपियों पर गैंगस्टर और एनएसए के तहत भी कार्रवाई होगी।

यूपी के बलिया में हुए गोलीकांड का मुख्य आरोपी धीरेंद्र प्रताप सिंह का वीडियो सामने आया है जिसमें उसने अपनी ओर से सफाई दी है और घटना के लिए प्रशासन को ही जिम्मेदार ठहराया है

आरोपी ने हिंसा के लिए प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया
आरोपी धीरेंद्र सिंह ने वीडियो में आरोपों का खंडन किया और हिंसा के लिए प्रशासन को दोषी ठहराया। उसने कहा- “मुझे नहीं पता कि किसने गोली चलाई। मैं अपने परिवार को बचाने के लिए अधिकारियों से गुहार लगा रहा था। वे वहीं खड़े रहे और देखते रहे। मैं एक सैनिक हूं। मैंने हमेशा अपने देश की सेवा करने में विश्वास किया है। मैं मुख्यमंत्री से निष्पक्ष जांच के लिए आग्रह करता हूं।

विधायक सुरेंद्र सिंह ने किया आरोपी का बचाव
घटना सामने आने के बाद एक भाजपा विधायक ने आरोपी का बचाव किया था। उनका तर्क था कि आरोपी ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिससे ग्रामीण की मौत हो गई। अगर आत्मरक्षा में गोली नहीं चलाता तो उसके परिवार के दर्जनों लोग मारे जाते। दूसरे पक्ष के कई लोग बुरी तरह घायल हैं तो उनकी बात भी सुनी जानी चाहिए।

विधायक बोले- क्षत्रिय समाज के लिए राजनीति भी छोड़ सकता
विधायक सिंह ने पूर्व सीएम अखिलेश यादव पर निशाना साधा। कहा- जिस तरह अखिलेश यादवों की राजनीति करते हैं उसी तरह यदि जरूरत पड़ी तो क्षत्रिय समाज की रक्षा के लिए राजनीति भी छोड़ सकता हूं। वो यादवों के संरक्षक हैं तो मैं भी एक क्षत्रिय पालक हूं।

यह है मामला
उत्तर प्रदेश के बलिया में 15 अक्टूबर को पुलिस अधिकारियों और एसडीएम के सामने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना दुर्जनपुर के बैरिया गांव की थी। यहां सरकारी राशन की दो दुकानों का विवाद सुलझाने के लिए सीओ चंद्रकेश सिंह, बीडीओ बैरिया गजेंद्र प्रताप सिंह और एसडीएम सुरेश पाल पहुंचे थे

Related Articles

Back to top button